Friday, April 17, 2009
ज़रूरत है एक नए वोटिंग सिस्टम की.
Sunday, March 29, 2009
अल्लाह तुम्हे अपनी पनाह में रखे. आमीन!
लगता है की जैसे अभी आवाज़ आएगी "अमित जी दो पिक्चर और मैंने फोल्डर में डाली हैं." और बस पांच ही मिनट बाद फिर पूछेगा 'पिक्चर हो गयी अमितजी?' मगर वो वक़्त अब इतिहास का एक पन्ना बन गया है. आज हमारा हरदिल अज़ीज़ दोस्त कासिम हम सबको छोड़ कर अपने आखिरी सफ़र की तरफ निकल पड़ा है। बस एक ही महीना हुआ होगा जब मुझे वो शाम को सबके साथ ऑफिस में बैठ कर बातें करता हुआ दिखा था और मैंने उसको भी रूटीन में बाय कहा था। उस वक़्त अंदाजा भी नहीं था की वो हमारी आखिरी बाय होने वाली है. कासिम से मेरी बातें ज्यादातर बाटला हॉउस एनकाउंटर मामले पर हुयी थी। कासिम को हमेशा से दुःख था की मुसलमानों को आतंकवादियो की नज़र से देखा जाता है। मेरे ख़याल से उसके आस पास के माहौल ने उसे इस तरह का बना दिया था। याद है मुझे जब वो हमारे ऑफिस के गार्डस से लड़ पड़ा था की वो उसका ही बैग खुलवा कर क्यूँ चेक करते हैं। एक सन्डे को कासिम ने मुझे, मेरेन को और हसन को नॉन-वेज का लंच करवाया था। नॉन-वेज कासिम को बहुत पसंद था और पुरानी दिल्ली का होने वजह से खाने की तरफ उसका रुझान भी बहुत था। और फिर सिर्फ चौबीस पच्चीस साल की उम्र में रुखसती होना और हंसते मुस्कुराते इन्तेकाल फरमा जाना अपने साथियों और परिवार वालो के लिए एक बड़ा सदमा है. आज भी जब दिल्ली गेट के पास से निकलते हैं तो याद आता है की यहाँ हम कासिम को ड्राप करते हैं। मगर अब कासिम अपने आखिरी सफ़र निकल चूका है और मेरी परवरदिगार और उस दो जहाँ के मालिक से दुआ है की उसका ये सफ़र उसके लिए अल्लाह की तमाम नेमतें बख्शे और अगर उससे कोई खता हो गयी हो तो मालिक उसे अपना समझ कर मुआफ करे. कासिम तुम हमेशा हमें याद रहोगे. बात करते वक़्त तुम्हारा अपने होंटों को गीला करते रहना तुम्हारी याद के साथ ही जुडा रहेगा. अल्लाह तुम्हे अपनी पनाह में रखे. आमीन! Saturday, March 14, 2009
आखिर नेतागिरी ही क्यूँ है है मुन्ना की मंजिल?
एक चुटकुला याद आया। एक फॅमिली में दो बच्चे एक साथ पैदा हुए, एक बच्चे ने पैदा होते ही नोट उठाये और दूसरे ने चाकू. इस पर घरवाले बहुत परेशान हुए की दूसरा बच्चा ज़रूर अपराधी बनेगा मगर उनके एक फॅमिली मेंबर ने राय दी 'घबराइये नहीं अगर अभी से चाकू उठाया है तो बड़ा होकर अपराधी नहीं आखिर में नेता बनेगा'. चुटकुले की हद तक तो ये बात हंसी में उडाई जा सकती है मगर आखिर क्या वजह हो सकती है अपराध जगत के हर मुन्ना भाई की किस्मत उसे नेता ही बनाती है. संजय दत्त ने भले ही कोई बहुत बड़ा अपराध ना किया हो मगर नेता बन जाने के बाद ये बात लगभग साबित हो गयी है की संजय दत्त का विश्वास भारतीय दंड संहिता पर ना होकर भारतीय राजनैतिक परिवेश में ज्यादा हो गया है. संजय दत्त को जो इन्साफ भारतीय दंड संहिता से मिलने की आशा नहीं है वो उसे नेतागिरी में ढूंढ रहे हैं.
सवाल फिर वही है की आखिर नेतागिरी ही हर मुन्ना भाई की मंजिल क्यूँ है? मेरे मत से इसका कारण सिर्फ हमारे और आपके जैसे बेवकूफ, निठल्ले, बददिमाग और निर्वाचन आयोग के शब्दों में कहें तो पप्पू हैं जो वोट डालने को अपनी तौहीन समझते हैं। वोट डालने जैसा महत्वपूर्ण और जिम्मेवारी वाला काम तो वो करते हैं जो भारत के जिम्मेदार नागरिक हैं मगर एक दारू की बोतल या अपनी जात के आधार पर वोट दाल देते हैं. अब अगर कोई नेता दारू या जात के आधार पर वोट हासिल करके एमपी या एलएलए बनता है तो बहुत संभव है की वो नेता पहले मुन्ना भाई ही रहा होगा.
ताक़त की चाह किसे होगी? ताक़त चाहे राजनैतिक हो या आपराधिक, ताक़त तो ताक़त है. क्या कभी अपने सोचा की हम जैसे नौकरी पेशा आम इंसान ताक़त हासिल करना क्यूँ नहीं चाहते? इसकी एक सबसे बड़ी वजह है की हम आम इंसानों को अपनी वोट की ताक़त का भी अंदाजा नहीं है, जो ताक़त हमारे पास है जब हम उसका ही इस्तेमाल नहीं कर रहे तो आखिर और किसी ताक़त की ख्वाहिश भी हमे क्यूँ होगी? मुन्ना भाई बनने वाले लोगो को सबसे पहले तो शारीरिक ताक़त का घमंड होता है, फिर आपराधिक ताक़त का, फिर पैसो की ताक़त का और सबसे आखिर में राजनैतिक ताक़त का. इसका एक ही सार है की हमारे वोट ना डालने की वजह से ही 'हर मुन्ना भाई देर-सवेर नेता बन जाता है'.
Sunday, March 1, 2009
स्कूल की यादें आज भी ताज़ा हैं
मेरा स्कूल 'हारकोर्ट बटलर सीनिअर सेकेंडरी स्कूल' दिल्ली के प्रतिष्ठित मन्दिर बिरला मन्दिर के बिल्कुल साथ खड़ा है। मैंने इस स्कूल में पहली कक्षा में एडमीशन लिया था साल था 1978 और अगले बारह साल मेरे इसी स्कूल की चारदीवारी में पढ़ते-लड़ते-झगड़ते और एक इतिहास बनाते हुए बीतने थे। उस वक्त हमारा स्कूल दिल्ली के चंद प्रतिष्ठित स्कूलों में से एक था। आज जो हमारे लिए इतिहास है वो एक समय हमारे लिए मजबूरी था। मजबूरी इसलिए की दिल्ली का कोई भी बच्चा स्कूल नहीं जाता, उसे स्कूल भेजा जाता है। स्कूल में बारह साल बिताना और आज एक बार फिर वहां जाना सचमुच एक बेहतरीन अनुभव रहा।
आपको बताते हुए सचमुच खुशी हो रही है की हमारे पीटी टीचर महल्वाल सर आज भी वहां थे और हमारे तत्कालिन प्रिंसिपल श्री जे.सी.गोएल भी वहां अपनी धर्मपत्नी के साथ थे। एक टी-५ मैच का भी आयोजन भी किया गया जिसमे काफी लोगो ने हिस्सा लिया और उस विशाल ग्राउंड पर क्रिकेट खेलने के अपने दिनों को ताज़ा किया।
मुझे याद है हमारी क्लास से बिरला मन्दिर की घड़ी दिखाई देती थी। बरसात के दिनों में सारे स्कूल की ज़मीन भीग जाती थी और वहां के तमाम पेड़-पौधे हमें किसी बाग़ में खड़े होने का एहसास करते थे।
हमारे स्कूल का सेटलाईट पिक्चर आप यहाँ देख सकते हैं :
http://wikimapia.org/#lat=28.6337214&lon=77.1993399&z=18&l=0&m=a&v=2&search=mandir%20marg%2C%२०देल्हि
मुझे आज भी याद है हमारे इंग्लिश के पुंज सर ने किस तरह एक लड्डू का डिब्बा बैठे-बैठे ख़तम कर दिया था। हमारे स्कूल का महत्त्व हमारे जीवन में बहुत है मगर हम अब उसे भूल चुके हैं। आज स्कूल जाकर मुझे लगा की शायद में सबसे छोटा हूँ। हमारे स्कूल के 1940, 1942, 1947 जैसे पुराने बेच के स्टूडेंट्स भी वहां थे और 60-70 बेच के तो काफ़ी सारे लोग थे। पुराने दोस्तों से मिलने का जो रंग उनके चेहरे पर था वो देखते ही बनता था। सबसे इंटेरेस्टिंग बात तो आपको बताई ही नहीं। यहाँ मेरे ऑफिस में मेरे कलीग के पापा और चाचा भी वहां थे, वो दोनों ही मेरे स्कूल से 1964 में पास आउट हैं।
खैर! मुझे तो बहुत खुशी है की मैं यादों में वापस जा सका। अब उम्मीद यही है की मेरी क्लास के और भी दोस्त मुझे मिलेंगे।
Saturday, February 14, 2009
धन्यवाद भगवा ब्रिगेड
"प्रेम की अभिव्यक्ति करने के लिए किसी एक दिन विशेष की कोई आवश्यकता नहीं है।" भगवा ब्रिगेड का यही मानना है। मगर इस भगवा ब्रिगेड में जो नौजवान हैं उनकी वैलेंटाइन शायद ऐसा नहीं सोचेंगी। वास्तव में ये बात सही है की इज़हार-ऐ-इश्क के लिए कोई एक दिन मुक़र्रर नहीं हो सकता मगर जिस दिन आप अपने प्रेम का इज़हार करें वो दिन 14 फरवरी हो ऐसा तो हो सकता है। असल में भगवा ब्रिगेड का कहना है "ये भारतीय संस्कृति के विरुद्ध है और इससे भारतीय संस्कृति को खतरा है"। मेरी समझ में ये नहीं आता की अगर संस्कृति पूरे भारत से सम्बन्ध रखती है तो बाकी धर्म यानि मुस्लिम, सिख, जैन आदि को इस पर्व से परहेज़ क्यूँ नहीं है? और अगर ये समझें की 'वैलेंटाइनस डे' से सिर्फ़ हिंदू धर्म को खतरा है तो क्या ये सनातन धर्म सिर्फ़ कुछ नौजवानों के एक फूल देने भर से खतरे में पड़ जायेगा?
असल में जब नौजवानों के पास मुद्दों का आभाव होता है तब यही स्थिति पैदा हो जाती है। शक्ति का सार्थक उपयोग ही आज के समय की मांग है। किन्ही नौजवानों के फूल या गिफ्ट देने से सनातन धर्म का कोई नुक्सान नही होगा बल्कि भगवा ब्रिगेड के इन बेवकूफाना कार्यो से 'हिंदू बच्चे' अपने धर्म से दूर होते जायेंगे। जिस तरह आज किसी भी मुसलमान बच्चे को 'आतंकवादी' की नज़र से देखा जा रहा है। उसी तरह हिंदू बच्चे भी 'धार्मिक उन्मादी' की तरह देखे जाने लगेंगे।
वैसे भगवा ब्रिगेड से सबसे ज़्यादा फ़ायदा भी 'वैलेंटाइन डे' को ही हुआ है। भगवा ब्रिगेड के इस विरोध के चलते ही इस त्यौहार का इतना प्रचार हो रहा है। धन्यवाद भगवा ब्रिगेड।
Thursday, February 5, 2009
मैं और मेरे दोस्त भाग -2
निशीथ: वैसे हम निशीथ को नीटा कहते हैं, शायद इसलिए की उसके घर में भी सब उसे नीटा ही कहते हैं। आज भले ही वो एक बड़े बैंक के सिंगापुर ऑफिस में काम कर रहा है मगर आज भी जब हमारी बात होती है तो पुरानी यादो की गर्मी हमें महसूस होती है। मुझे नीटे की सबसे अच्छी बात यही लगती है की वो काफ़ी सुलझा हुआ और सीधा बन्दा है। मनीष, इस का बड़ा भाई सीधा तो बहुत है मगर कई बार उसकी बातें समझ के बाहर होती हैं। मुझे याद नहीं कभी मैंने नीटे को नॉन-वेज खाते देखा हो। अपने पुराने ज़माने के रिवाजों और अपने घर के माहौल को वो आज भी बहुत पसंद करता है। यहाँ तक की जब उसको चेकोस्लोवाकिया जाना पड़ा तो उसके सारे दिन वहां लगभग उपवास पर निकले। वैसे नीटा मुझसे उम्र में छोटा है और मेरे भाई की उम्र का होने की वजह से उसकी दोस्ती मुझसे ज़्यादा मेरे भाई से है।
दीपू - राजू: दीपक गर्ग और दीपक गुप्ता आज तक कम से कम मैं तो इस बात का फ़ैसला नहीं कर पाया। दीपक और राजू दोनों भाई हैं मगर बचपन से पता नहीं कब से इन दोनों के बीच कभी नहीं बनी। इसकी वजह क्या है हम में से शायद कोई नहीं जानता। आज दीपू से बात किए एक ज़माना हो गया है। अमेरिका में उसकी ज़िन्दगी मज़े से कट रही है इतना मुझे पता है। नीरज गुप्ता, मुझे ख़ुद यकीन नहीं हो रहा की राजू का 'स्कूल का' नाम मुझे आज तक याद है। अभी कुछ साल पहले मनीष के बेटे की बर्थडे पर मैं उस से मिला था। राजू अब बहुत स्मार्ट हो गया है। दोस्तों की पत्नियो को मैं इस ब्लॉग पोस्ट से दूर रखना चाहता हूँ इसलिए मैं किसी भी दोस्त की पत्नी के बारे में ज़िक्र नहीं कर रहा हूँ। दीपू अपनी कद-काठी की वजह से हम सब में इज्ज़त पाता रहा है। और हमारा दोस्त चुन्नू, बेचारा हमेशा मनीष और दीपू के बीच सेंडविच बनता रहा है। मनीष बल्कि मनीष ही क्या हम सभी चुन्नू को भड़का कर कुछ न कुछ ऐसा काम करवाते थे की दीपू उसको खूब खरी खोटी सुनाता था। एक बार तो चुन्नू को फिल्मो में दिखाए सीन की तरह दारु पीने का जूनून हुआ। दारु की आधी बोतल होने से पहले ही शर्त-वर्त सब काफूर हो गई और चुन्नू भाई ने हाथ मारकर गिलास तोड़ दिया। इस आवाज़ से दीपू, जो पिछले कमरे में सोरहा था वहां आ गया और सबको भागना
यादें बहुत है और वक्त कम अब मैं आपको स्कूल के दोस्तों संजय कौशिक (info@sanjaykaushik.net) और मोहित साहनी (http://www.jmdpublicity.in/) के बारे में बता रहा हूँ।
संजय: मैंने संजय से स्कूल टाइम में ही वादा किया था की मैं उस पर एक किताब (ओटोबायोग्राफी) लिखूंगा। मैं क्या करूँ उसने किताब लिखने लायक कोई महान काम तो किया ही नहीं। बचपन में अपनी मम्मी को खो देने के बाद संजय की दूसरी माँ ने उसे पाला। स्कूल में वो कभी लंच नहीं लाया और हम तीनो ने मतलब मोहित, संजय और मैंने लंच हमेशा एक साथ किया। संजय को शुरू से ही कसरत का शौक है और ये शौक आज भी मोजूद है क्यूंकि अभी परसों ही मेरी उस से बात हुयी थी तो उसने बताया था की वो 'जिम' जा रहा है। संजय को भी मेरी तरह शायरी का शौक है वो ख़ुद बहुत अच्छी कविताये लिखता है। 'विशु' उसने अपना तखल्लुस रखा है। वैसे अब वो लन्दन में रहता है और हीथ्रो हवाई अड्डे पर काम करता है। संजय और मैं पेपरों के दिनों में बिरला मन्दिर ज़रूर जाया करते थे। नहीं, नहीं, प्रार्थना करने नहीं। प्रार्थना तो उसने मुझे याद नहीं कभी की हो मगर भगवान् कृष्ण को वो अपना दोस्त कहता है। हम बिरला मन्दिर जाते थे वहां समोसे खाने। बहुत कुछ है उसके बारे में बल्कि हमारे बारे में। मैंने अपना पहला मोबाइल उसी के साथ जाके खरीदा था और आज भी वो नम्बर मेरी Identity है। संजय ने और मैंने बहुत वक्त साथ बिताया और मुझे बहुत खुशी है संजय मेरे साथ रहा है, हमेशा।
मोहित: मोहित और मैं स्कूल के बाद काफ़ी समय तक नहीं मिले। मगर अब हम दोनों में बहुत बातें होती हैं। मोहित और मैं स्कूल में लालाजी की कैंटीन से समोसे लेते और खाते थे। मोहित को हमेशा से खाने का शौक रहा है। ख़राब और कम टेस्टी खाना वो खा ही नहीं सकता। स्कूल में भी एक बार समोसों के ख़राब होने का अंदेशा होने पर उसने समोसे छोड़ दिए थे मगर मैं खा लिए। आख़िर मेरी पोक्केट मनी के पैसो के थे।